ओडिशा से मैहर जा रहा था करीब 4 करोड़ का गांजा, पेंट के डिब्बों के बीच छिपाई थीं 28 बोरियां, कंटेनर चालक समेत दो तस्कर गिरफ्तार
जबलपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 871 किलो 95 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपए बताई गई है
जबलपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 871 किलो 95 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपए बताई गई है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए पेंट के 412 डिब्बों के बीच गांजे की 28 बोरियां छिपा रखी थीं। पुलिस ने कंटेनर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शनिवार रात करीब 2 बजे गोसलपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने एनएच-30 पर संदिग्ध कंटेनर को मोहतरा टोल के पास घेराबंदी कर पकड़ा। कार्रवाई में झांसी नारकोटिक्स विंग भी शामिल रही।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीगढ़ निवासी धर्मवीर सिंह (45) और पश्चिम बंगाल निवासी विक्रम करमाकर (24) के रूप में हुई है। पूछताछ में चालक ने ओडिशा के प्रभात साहू के कहने पर गांजे की खेप मध्य प्रदेश लाने की बात बताई। इसके बदले उसे एक लाख रुपए मिलने थे।
पुलिस ने गांजा, पेंट के 412 डिब्बे और कंटेनर जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।