हाईकोर्ट के अधिवक्ता पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक ; फोन कर बुलाया, फिर धारदार हथियार और बेसबॉल से मारपीटा
जबलपुर में देर रात हाईकोर्ट के अधिवक्ता राबिन जैन को फोन कर कार्यालय से बाहर बुलाया और हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग।
जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के अधिवक्ता राबिन जैन पर 4 से 5 लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले उन्हें फोन कर कार्यालय से बाहर बुलाया और फिर हथियारों की नोक पर घेरकर रुपयों की मांग की। विरोध करने पर धारदार हथियार, बेसबॉल और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे अधिवक्ता बेहोश हो गए।
जानकारी के मुताबिक, शिवनगर निवासी राबिन जैन रविवार रात करीब 12:30 बजे अपने कार्यालय में काम कर रहे थे। दावा है कि इसी दौरान विजय ठाकुर के फोन पर बाहर आने के बाद विजय, बिरजू, बिट्टू पांडे और अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश है। अधिवक्ता रोहित कुरैल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर कोतवाली थाने के घेराव की चेतावनी दी है। पुलिस ने राबिन जैन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: कार चालक पर कथित लापरवाही का आरोप ; सिगरेट मंगवाई और फिर पैरों पर चढ़ा दी कार